Skip to content
Lyric
Dive
Public playlists
My playlists
Search
Sign in
Breathless Album Breathless
Shankar Mahadevan
Popularity · Low
+
🇮🇳 Hindi · Original
0
0
YouTube
Searching YouTube...
Lyrics
Original
Translation
Bilingual
कोई जो मिला तो मुझे ऐसा लगता था
जैसे मेरी सारी दुनिया में गीतों की रुत
और रंगों की बरखा है, ख़ुशबू की आँधी है
महकी हुई सी अब सारी फ़िज़ाएँ हैं
बहकी हुई सी अब सारी हवाएँ हैं
खोई हुई सी अब सारी दिशाएँ हैं
बदली हुई सी अब सारी अदाएँ हैं
जागी उमंगें हैं, धड़क रहा है दिल
साँसों में तूफ़ाँ है
होंठों पे नग़्मे हैं, आँखों में सपने हैं
सपनों में बीते हुए सारे वो लम्हे हैं
जब कोई आया था, नज़रों पे छाया था
दिल में समाया था
कैसे मैं बताऊँ तुम्हें कैसा उसे पाया था?
प्यारे से चेहरे पे बिखरी जो ज़ुल्फ़ें
तो ऐसा लगता था जैसे कोहरे के पीछे
एक ओस में धुला हुआ फूल खिला है
जैसे बादल में एक चाँद छुपा है और झाँक रहा है
जैसे रात के पर्दे में एक सवेरा है
रोशन-रोशन आँखों में सपनों का सागर
जिसमें प्रेम सितारों की चादर जैसे झलक रही है
लहरों-लहरों बात करे तो जैसे मोती बरसे
जैसे कहीं चाँदी की पायल गूँजे
जैसे कहीं शीशे के जाम गिरे और छन से टूटे
जैसे कोई छिप के सितार बजाए
जैसे कोई चाँदनी रात में गाए
जैसे कोई हौले से पास बुलाए
कैसी मीठी बातें थीं वो, कैसी मुलाक़ातें थीं वो
जब मैंने जाना था नज़रों से कैसे पिघलते हैं दिल
और आरज़ू पाती है कैसे मंज़िल
और कैसे उतरता है चाँद ज़मीं पर
कैसे कभी लगता है स्वर्ग अगर है तो बस है यहीं पर
उसने बताया मुझे और समझाया मुझे
हम जो मिले हैं, हमें ऐसे ही मिलना था
गुल जो खिले हैं, उन्हें ऐसे ही खिलना था
जन्मों के बंधन, जन्मों के रिश्ते हैं
जब भी हम जन्मे तो हम यूँ ही मिलते हैं
कानों में मेरे जैसे शहद से घुलने लगे
ख़्वाबों के दर जैसे आँखों में खुलने लगे
ख़्वाबों की दुनिया भी कितनी हसीं और कैसी रंगीं थी
ख़्वाबों की दुनिया जो कहने को थी, पर कहीं भी नहीं थी
ख़्वाब जो टूटे मेरे, आँख जो खुली मेरी
होश जो आया मुझे, मैंने देखा, मैंने जाना
वो जो कभी आया था, नज़रों पे छाया था, दिल में समाया था
जा भी चुका है और दिल मेरा है अब तन्हा-तन्हा
ना तो कोई अरमाँ है, ना कोई तमन्ना है, और ना कोई सपना है
अब जो मेरे दिन और अब जो मेरी रातें हैं
उनमें सिर्फ़ आँसू हैं, उनमें सिर्फ़ दर्द की
रंज की बातें हैं और फ़रियादें हैं
मेरा अब कोई नहीं
मैं हूँ और खोए हुए प्यार की यादें हैं
मैं हूँ और खोए हुए प्यार की यादें हैं
मैं हूँ और खोए हुए प्यार की यादें हैं